गया जी : पितृपक्ष मेले के दौरान उत्तर प्रदेश के राज्यसभा सांसद विजय पाल सिंह तोमर ने गया के प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए पूरे विधि-विधान के साथ पिंडदान किया. पिंडदान के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की और गया की धार्मिक महत्ता का उल्लेख किया.
विजय पाल सिंह तोमर ने कहा कि वे पहली बार गया आए हैं और यहां आकर अपने पितरों के लिए पिंडदान करने का अवसर मिला. उन्होंने कहा कि बिहार में वे कई बार चुनावी दौरों पर आ चुके हैं, लेकिन गया आने का यह पहला अवसर है. उन्होंने गया की पावन भूमि को नमन करते हुए पिंडदान में सहयोग के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया.
कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग को लेकर उठाई जा रही मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय पाल सिंह तोमर ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती रही है. उन्होंने कहा कि चुनाव में जहां कांग्रेस जीतती है, वहां उसे सब कुछ ठीक नजर आता है, जबकि हारने पर वह वोट चोरी जैसे आरोप लगाती है. उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी को बार-बार अपने आरोपों को लेकर जवाब देना पड़ा है.
वहीं चिराग पासवान से जुड़े सवाल पर विजय पाल सिंह तोमर ने कहा कि वे इस विषय पर कुछ नहीं कहना चाहते. उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार जहां भी रही है, वहां कानून-व्यवस्था को बेहतर तरीके से स्थापित करने का काम किया गया है.
पिंडदान के दौरान सांसद ने गया की धार्मिक परंपराओं और पितृपक्ष मेले की व्यवस्थाओं को भी देखा.
गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट-
