रांची के RIMS में कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच हुई वार्ता खत्म हो गई है. RIMS चिकित्सा उपाधीक्षक डॉ. हिरेन बिरुआ की मौजूदगी में हुई इस वार्ता को कर्मचारियों ने सार्थक बताया है. दरअसल, RIMS अराजपत्रित कर्मचारी संघ की ओर से अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी शामिल हुए. कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में ओल्ड पेंशन सिस्टम लागू करना, नियुक्ति, प्रोन्नति और अन्य सेवा शर्तों को लेकर नियमावली बनाने की मांग शामिल है.

अपनी मांगों के समर्थन में कर्मचारी 24 से 28 सितंबर तक काला बिल्ला लगाकर काम कर चुके हैं. वार्ता के दौरान RIMS निदेशक ने ओल्ड पेंशन स्कीम से जुड़ी फाइल कैबिनेट में भेजने की बात कही है. इसके बाद कर्मचारियों ने RIMS प्रबंधन को 31 अक्टूबर तक का समय दिया है. कर्मचारियों का कहना है कि अगर 31 अक्टूबर तक हमारी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो हम हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगे.