पटना : बिहार पुलिस की साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर की गई 6 करोड़ 31 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा किया है. मामले में समस्तीपुर जिले से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस के मुताबिक,यह कार्रवाई नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल यानीNCRPपर मिली शिकायत के आधार पर शुरू हुई. डिजिटल अरेस्ट से जुड़े एक बैंक खाते का सत्यापन कराया गया. तकनीकी और वित्तीय जांच के दौरान सामने आया कि इस खाते के जरिए साइबर ठगी की बड़ी रकम का लेन-देन हुआ था. जांच में कुल 6 करोड़ 31 लाख रुपये की ठगी का पता चला.

जांच के दौरान एक गिरफ्तार आरोपित के बैंक खाते में करीब 90 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिली. इसके बाद समस्तीपुर साइबर थाने में कांड संख्या 48/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई.

पुलिस ने सबसे पहले संबंधित बैंक खाते के खाताधारक मनीष कुमार गिरि को विद्यापतिनगर से गिरफ्तार किया. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर जांच टीम अन्य आरोपितों तक पहुंची और अक्षय कुमार झा,राजाराम पोद्दार तथा नवीन कुमार दास को भी गिरफ्तार कर लिया.

आरोपितों के पास से बैंक चेकबुक,चार मोबाइल फोन,सिमकार्ड और बैंकिंग एवं डिजिटल लेन-देन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं. अब पुलिस इन डिजिटल और वित्तीय साक्ष्यों के जरिए ठगी की रकम के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर हुई और नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-