कैमूर : जिले के NH-19 के किनारे पुलिस ने हेरोइन की तस्करी करने के आरोप एक वृद्ध व्यक्ति को 300 ग्राम मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ कर रही है.

पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर की सुबह करीब 10:35 बजे गुप्त सूचना मिली कि डहला मोड़ के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति झोले में हेरोइन जैसा मादक पदार्थ रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.

पुलिस टीम ने NH-19 किनारे एक चाय दुकान के बगल में छापेमारी की. इस दौरान लाल कपड़ा पहने और सफेद झोला लेकर बैठे व्यक्ति ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. तलाशी के दौरान झोले में रखी काले रंग की प्लास्टिक पॉलीथिन से कुल 300 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के महासुआ गांव निवासी मुराहु प्रजापति के रूप में हुई है, जो वर्तमान में भभुआ के वार्ड संख्या 20 स्थित अहीरान मोहल्ले में रहता है. इस मामले में दुर्गावती थाना कांड संख्या 505/26 दर्ज कर NDPS एक्ट की धारा 8(C)/21(C)के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

इसकी जानकारी मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने प्रेस वार्ता कर दी.

कैमूर से अजय कुमार सिंह की रिपोर्ट-