पटनाः कोलकाता में हुए हादसे के बाद राहुल गांधी के गोवा में जनसभा करने को लेकर बीजेपी सांसद रवि किशन ने उन पर निशाना साधा है। रवि किशन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को बंगाल की जनता के दुख-दर्द से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के गृह मंत्री ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए कोलकाता पहुंचने का फैसला किया।
रवि किशन ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी सोच से पता चलता है कि जनता के दुख में उनकी कितनी संवेदना है। उन्होंने राहुल गांधी को चुनाव के समय बरसाती मेंढक की तरह आने वाला नेता बताया।
रेजीम चेंज की चर्चा पर भी हमला
भारत में फ्रांस जैसे हालात पैदा करने और रेजीम चेंज की बात किए जाने पर भी रवि किशन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग संविधान को कमजोर करना चाहते हैं। रवि किशन ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता ने नरेंद्र मोदी को चुना है। राहुल गांधी को मुकाबला करना है तो 2029 का चुनाव लड़कर जीतें। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगे हैं।
ध्रुव राठी के लंदन में प्रदर्शन करने को लेकर रवि किशन ने सवाल उठाए। उन्होंने आंदोलन के पीछे बड़ी साजिश होने का आरोप लगाते हुए पूछा कि देश की 140 करोड़ आबादी में कितने लोग उनके साथ हैं।
सपा को भी दी नसीहत
सपा नेता मनीष यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रवि किशन ने कहा कि समझदार राजनीतिक दल ऐसे लोगों की मंशा समझ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि रेजीम चेंज की बात करने वालों का समर्थन करने वाली पार्टियों को जनता चुनाव में जवाब देगी। ये सभी आरोप रवि किशन ने अपने राजनीतिक बयान में लगाए हैं।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

