छठ महापर्व के तीसरे दिन मिर्जापुर गांव के पास हुआ हादसा,ग्रामीण अपने स्तर पर कर रहे तलाश;एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम नहीं पहुंचने का आरोप,परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पटना: राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर गांव के पास पुनपुन नदी में तीन युवक डूब गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के करीब तीन घंटे बीत जाने के बावजूद तीनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। स्थानीय ग्रामीण अपने स्तर पर नदी में उनकी तलाश कर रहे हैं। वहीं, घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, आज छठ महापर्व के तीसरे दिन शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान पुनपुन नदी में तीन युवकों के डूबने की खबर सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और युवकों की तलाश शुरू कर दी।

तीन घंटे से ग्रामीण कर रहे तलाश,नहीं मिला कोई सुराग
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद से ग्रामीण लगातार नदी में तीनों युवकों की तलाश कर रहे हैं। हालांकि, काफी प्रयास के बावजूद अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। नदी में युवकों की तलाश को लेकर ग्रामीणों में बेचैनी बढ़ती जा रही है। तीनों युवकों के परिजन घटनास्थल पर मौजूद हैं और अपनों की सलामती की उम्मीद लगाए बैठे हैं। हर गुजरते पल के साथ परिवारों की चिंता बढ़ती जा रही है।

प्रशासनिक व्यवस्था पर ग्रामीणों का गंभीर आरोप
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस प्रशासन, पटना साहिब के सांसद और स्थानीय विधायक को सूचना देने के बावजूद काफी देर तक कोई विशेष बचाव दल घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। लोगों के मुताबिक, मौके पर 112 की पुलिस गाड़ी और कुछ लोग पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि यह कार्रवाई भी काफी देर से हुई। ग्रामीणों का कहना है कि तीन युवकों की जान बचाने के लिए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होना चाहिए था।

रेस्क्यू में देरी को लेकर भड़का लोगों का गुस्सा
तीन युवकों के नदी में लापता होने और बचाव दल के नहीं पहुंचने की सूचना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि जब घटना की जानकारी समय पर प्रशासन को दे दी गई थी, तो फिर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को घटनास्थल पर पहुंचने में इतनी देरी क्यों हो रही है? ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल बचाव अभियान शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि नदी में डूबे तीनों युवकों की तलाश के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों और बचाव दल की जरूरत है।

छठ की खुशियों के बीच गांव में पसरा मातम
छठ महापर्व के तीसरे दिन जहां पूरे इलाके में भगवान भास्कर को संध्या अर्घ्य देने की तैयारियां चल रही थीं, वहीं इस दर्दनाक हादसे ने गांव की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिन घरों में पर्व की तैयारियां हो रही थीं, वहां अब अपनों के लापता होने से चीख-पुकार मची हुई है। परिजन नदी किनारे टकटकी लगाए बैठे हैं। ग्रामीण भी लगातार युवकों की तलाश में जुटे हुए हैं।

प्रशासन से अविलंब रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने की मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को तत्काल घटनास्थल पर भेजने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशिक्षित बचाव दल की मदद से जल्द से जल्द तीनों युवकों की तलाश शुरू की जाए। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि सूचना मिलने के बावजूद बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचने में देरी क्यों हुई? हालांकि, प्रशासन की ओर से रेस्क्यू में देरी के कारण और बचाव अभियान की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

पटना सिटी से उमेश चौबे की रिपोर्ट