बंद घरों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा,चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में स्वर्ण व्यवसायी भी गिरफ्तार;4.96लाख रुपये नकद समेत सोना-चांदी जब्त
वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार कथित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बंद घरों में चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। वहीं, उनकी निशानदेही पर चोरी के आभूषण खरीदने वाले एक स्वर्ण व्यवसायी मनीष कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई में सोने-चांदी के आभूषण, नकद राशि और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले में नगर थाना कांड संख्या 1104/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गुप्त सूचना पर गंडक पुल के नीचे पुलिस की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, जिले में गंभीर और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वैशाली पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुबोध कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि तंगौल जगदम्बा स्थान के पीछे गंडक पुल के नीचे कुछ संदिग्ध अपराधी मौजूद हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में बंद घरों में चोरी की बात स्वीकारने का दावा
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान बंद घरों को निशाना बनाकर आभूषण चोरी करने की घटनाओं का खुलासा हुआ। आरोपियों ने चोरी के आभूषणों को बेचने और ठिकाने लगाने से संबंधित जानकारी भी दी। इसी आधार पर पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने वाले स्वर्ण व्यवसायी मनीष कुमार की पहचान की और उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
स्वर्ण व्यवसायी की निशानदेही पर सोना-चांदी और नकदी बरामद
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विक्की कुमार सिंह की निशानदेही पर सारण जिले के दिघवारा स्थित उसके घर पर छापेमारी की गई। यहां से सोने और चांदी के आभूषण के साथ नकद राशि बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की कुल जब्ती राशि 4,96,267 रुपये बताई गई है। बरामदगी में सोने के आभूषण 34.87 ग्राम तथा चांदी के आभूषण 351.72 ग्राम शामिल हैं।
नगर थाना कांड संख्या 1104/26दर्ज,न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
वैशाली पुलिस ने इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 1104/26 दर्ज किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह से जुड़े संभावित संपर्कों की जांच में जुटी है। बरामद हथियार, आभूषण और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के आधार पर मामले की आगे की जांच की जा रही है।
वैशाली पुलिस की इस कार्रवाई से बंद घरों में चोरी और चोरी के आभूषणों की खरीद-बिक्री से जुड़े कथित नेटवर्क का खुलासा हुआ है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि इस गिरोह ने जिले में और किन-किन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
वैशाली से रिशभ कुमार की रिपोर्ट

