पटना : बिहार में अपराध के मुद्दे पर भारी सियासत हो रही है. तेजस्वी यादव के बयान पर वार पलटवार किया है. मंत्री अशोक चौधरी ने तेजस्वी को चैलेंज दिया, और कहा कि अगर बिहार में सत्ता संरक्षित अपराधी हैं तो एक भी नाम का खुलासा करेंगे. किस अपराधी को कौन नेता सत्ता का संरक्षण दे रहे हैं, ये भी बताएं. अशोक चौधरी ने बताया कि ये नीतीश कुमार का राज है, यहाँ कोई जबरदस्ती किसी से 5 रुपया भी चंदा नहीं लेता है. यहां ऑर्गनाइज्ड क्राइम नहीं होता है, जैसा कि इनके पिता जी के राज्य में होता था.

BJP प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने कहा कि जब हम लोगों की सरकार आई तब बिहार को जंगलराज से मुक्ति मिली, और तो और हम लोग सुरक्षा का मानक उन लोगों के तरह तय नहीं करते हैं. जेल में बंद अपराधियों को सुरक्षा मुहैया नहीं करवाते. साथ ही कुंतल कृष्ण ने RJD को गुंडों मबालियों की पार्टी करार दिया और कहा कि कल ही रीतलाल के भाई ने AIIMS के सुरक्षाकर्मी पर गोली चलाई है, इसलिये RJD के लोग अपराध को लेकर मुँह ना खोलें, क्योंकि उनके लोग ही अपराध कर रहे हैं. \

दरअसल तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर एक बयान दिया था और कहा कि उनसे बिहार नहीं संभल रहा है. अपराध बढ़ रहे हैं. मुख्यमंत्री का चमचा-बेलचा पुलिस अधिकारियों का ट्रांसफर-पोस्टिंग करता है. बिना चढ़ावा चढ़ाए ट्रांसफर-पोस्टिंग नहीं होता है. साथ ही तेजस्वी ने कहा था कि विडंबना है कि पुलिस वालों का ट्रांसफर-पोस्टिंग प्रशासनिक अधिकारी कर रहे हैं. विधि व्यवस्था भुल शराब माफिया से उगाही ही नीतीश कुमार की पुलिस का एकमात्र विशेष कार्य रह गया है.