रांची में मानवता और संवेदना की एक मिसाल देखने को मिली। मुक्ति संस्था की ओर से जुमार नदी के तट पर 51 अज्ञात शवों का पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। संस्था अब तक 2322 अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार कर चुकी है।रांची के जुमार नदी तट पर रविवार को मुक्ति संस्था की ओर से 51 अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार किया गया। संस्था के सदस्यों ने रिम्स के मोर्चरी गृह से अज्ञात शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पैक कर जुमार नदी के तट पर ले जाया गया, जहां पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मुक्ति संस्था के अध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने अज्ञात शवों को मुखाग्नि दी। वहीं, अंतिम अरदास परमजीत सिंह टिंकू ने किया।
इस मानवीय कार्य में संस्था के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। मुक्ति संस्था के अध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने बताया कि संस्था अब तक कुल 2322 अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार कर चुकी है। मुक्ति संस्था का यह प्रयास उन लोगों को सम्मानजनक विदाई देने की पहल है, जिनकी पहचान नहीं हो सकी और जिनके अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी संस्था ने उठाई।अज्ञात शवों को सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने की मुक्ति संस्था की यह पहल समाज के लिए मानवता और संवेदना का संदेश देती है।
