फतुहा के जेडूली गंगा घाट के पास पुलिस की छापेमारी,शराब तस्करी में इस्तेमाल 12चक्का ट्रक और एक्सप्रेस पिकअप जब्त
पटना: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का कारोबार जारी है। इसी बीच पटना पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। फतुहा के जेडूली गंगा घाट के पास छापेमारी कर पुलिस ने अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक 12 चक्का ट्रक और एक एक्सप्रेस पिकअप को भी जब्त किया है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रेम कुमार (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
दो वाहनों से 135कार्टन शराब बरामद
पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों की तलाशी ली गई। इसमें कुल 135 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 1181.520 लीटर बताई गई है। पुलिस ने शराब की खेप के साथ दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है।
मुख्य आरोपी प्रेम कुमार गिरफ्तार
इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 24 वर्षीय प्रेम कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वह शराब तस्करी के इस मामले का मुख्य आरोपी है। गिरफ्तारी के बाद नदी थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश जारी है।
पटना से विवेक कुमार की रिपोर्ट

