जैप-01के जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर,झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्तियों समेत संथाल परगना के आला अधिकारियों ने किया अभिनंदन
देवघर: भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत सोमवार को देवघर पहुंचे। उनके आगमन को लेकर देवघर एयरपोर्ट पर विशेष तैयारियां की गई थीं। विमान से उतरते ही न्यायिक और प्रशासनिक महकमे के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं, झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप-01) के जवानों ने मुख्य न्यायाधीश को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया।

झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्तियों ने किया स्वागत
मुख्य न्यायाधीश के स्वागत के लिए देवघर एयरपोर्ट पर न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही। इस दौरान झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद और न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय ने उनका अभिनंदन किया। इसके अलावा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश केके झा तथा झालसा की सदस्य सचिव कुमारी रंजन अस्थाना ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य न्यायाधीश का स्वागत किया।

संथाल परगना के आला अधिकारी रहे मौजूद
मुख्य न्यायाधीश के स्वागत समारोह में संथाल परगना प्रमंडल के आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल, डीआईजी अंबर लकड़ा, उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीन पुष्कर भी मौजूद रहे। वहीं, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम
मुख्य न्यायाधीश के देवघर आगमन को लेकर पूरे न्यायिक और प्रशासनिक महकमे में विशेष सक्रियता देखने को मिली। उनके दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। साथ ही यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। मुख्य न्यायाधीश के आगमन को लेकर देवघर में न्यायिक और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

देवघर से अमर पाठक की रिपोर्ट