पटना: बिहार की राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ में पुलिस ने अवैध हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मिल्लत कॉलोनी के पास छापेमारी कर पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर और फार्म हाउस की तलाशी के दौरान1.776 किलोग्राम स्मैक यानी हेरोइन जैसा मादक पदार्थ, एक देसी पिस्टल और दो मैगजीन समेत कई सामान बरामद किए हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मिल्लत कॉलोनी के आसपास स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध को पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके घर और फार्म हाउस में भी तलाशी अभियान चलाया।
स्मैक,पिस्टल और इलेक्ट्रॉनिक समान जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने1.776 किलोग्राम मादक पदार्थ, एक देसी पिस्टल और दो मैगजीन बरामद कीं। इसके अलावा दो इलेक्ट्रॉनिक पॉश मशीन, एक एयर गन और एक टूटी हुई एयर गन भी जब्त की गई है। पुलिस अब बरामद सामान के स्रोत और कथित नशा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
FIR दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
इस मामले में नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) चन्द्र प्रकाश का बयान भी सामने आएगा। पुलिस की जांच में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क और बरामद हथियारों से जुड़े पहलुओं पर आगे जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पटना से विवेक कुमार की रिपोर्ट

