पटना : आधार कार्ड से जुड़ी निजी जानकारियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. पटना में आधार डेटा से छेड़छाड़ के मामले का खुलासा होने के बाद लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. साइबर थाने की पुलिस ने झारखंड के रांची निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि वह आधार केंद्र के निलंबित कर्मचारी की लॉगिन आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल कर लोगों के आधार रिकॉर्ड में अवैध तरीके से बदलाव कर रहा था. आरोपी के लैपटॉप से सैकड़ों लोगों के आधार कार्ड से जुड़े रिकॉर्ड मिलने की बात सामने आई है.

आधार आज बैंकिंग, सरकारी योजनाओं और विभिन्न जरूरी सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेज बन चुका है. ऐसे में इसकी जानकारी गलत हाथों में पहुंचने से पहचान की चोरी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, साइबर ठगी और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसी आशंकाएं बढ़ सकती हैं. हालांकि, केवल आधार नंबर या उसकी कॉपी से हर तरह की वित्तीय धोखाधड़ी संभव नहीं होती. कई सेवाओं में अतिरिक्त सत्यापन जरूरी होता है.

आधार सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं 9 सावधानियां

आधार कार्डधारकों को अधिकृत केंद्र से ही आधार अपडेट कराना चाहिए. किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी या लॉगिन संबंधी जानकारी नहीं देनी चाहिए. जहां पूरा आधार नंबर देना जरूरी न हो, वहां मास्क्ड आधार का इस्तेमाल करना चाहिए. UIDAI की बायोमेट्रिक लॉक सुविधा चालू रखनी चाहिए. समय-समय पर आधार ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री की जांच करनी चाहिए. जहां सुविधा उपलब्ध हो, वहां आधार नंबर के बजाय वर्चुअल आईडी (VID) का इस्तेमाल करना चाहिए.

इसके अलावा बिना जरूरत आधार की फोटोकॉपी किसी को नहीं देनी चाहिए. आधार अपडेट कराने के बाद रसीद या अपडेट रिक्वेस्ट नंबर जरूर लेना चाहिए. आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर सक्रिय रखना और संदिग्ध कॉल, मैसेज तथा अनजान लिंक से बचना भी जरूरी है.

कहां करें शिकायत?

आधार के गलत इस्तेमाल या अनधिकृत बदलाव का संदेह होने पर UIDAI की वेबसाइट पर शिकायत की जा सकती है. इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1947 पर संपर्क करें. वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं. जरूरत पड़ने पर नजदीकी साइबर थाने को भी सूचना दें.

पटना की घटना ने साफ कर दिया है कि आधार की सुरक्षा केवल सरकारी एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सतर्कता भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-