गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के भलवानी गांव में देर रात अचानक लगी आग से एक परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। इस अगलगी की घटना में करीब 200 बोझा धान, घर में रखे सामान और डीजल पंप जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, इस घटना में लगभग ढाई लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।घटना के संबंध में पीड़ित देवनारायण सिंह के परिजनों ने बताया कि रात में देवनारायण सिंह अपने पिता की दवा लेने गए थे। दवा लेकर घर लौटने के बाद उन्होंने भोजन किया और इसके बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए। इसी दौरान रात करीब 2:30 बजे अचानक घर में आग लग गई। आग की लपटें देखकर जब परिजनों की नींद खुली तो घर और उसके पास रखे धान के बोझों को आग की चपेट में पाया।
परिजनों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि घर के पास रखे करीब 200 बोझा धान जलकर राख हो गए। इसके साथ ही घर में रखे अन्य सामान और डीजल पंप भी आग की भेंट चढ़ गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। परिजनों ने अज्ञात लोगों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई है। उन्होंने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने, नुकसान का आकलन करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
