आटा चक्की मिल और नाले के विवाद में लोहे की रॉड से हमला, सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दो भाइयों को पटना भेजा गया
लखीसराय:
जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलौरी गांव में पूर्व विवाद को लेकर हिंसक मारपीट की घटना सामने आई है। आटा चक्की मिल और नाले को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। इस घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की पहचान ब्रह्मदेव यादव की पत्नी संजू देवी और उनके दो पुत्र राजीव कुमार एवं पंकज यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लखीसराय पहुंचाया गया।

दो भाइयों की हालत गंभीर, PMCH रेफर

सदर अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में तीनों घायलों का उपचार किया गया। वहीं, दोनों सहोदर भाइयों राजीव कुमार और पंकज यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया।

आटा चक्की और नाले के विवाद में मारपीट

बताया जा रहा है कि आटा चक्की मिल और नाले को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट की घटना हुई। घटना के बाद बेलौरी गांव में चर्चा का माहौल है। फिलहाल, इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और घटना के विस्तृत कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट