पटना : बिहार में गलत तरीके से जारी किए गए जाति प्रमाणपत्र और फर्जी जाति प्रमाणपत्रों को रद्द करने को लेकर सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी प्रमंडलीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति के खिलाफ जाति प्रमाणपत्र को लेकर शिकायत मिलने पर जिला स्तर के अधिकारी अपने स्तर से सीधे प्रमाणपत्र रद्द नहीं कर सकेंगे. इसके लिए निर्धारित कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य होगा.

सामान्य प्रशासन विभाग के अपर सचिव रजनीश कुमार की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि पहले भी विभाग ने 28 फरवरी 2023 को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए थे. इसके बावजूद कुछ मामलों में जिला पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और अंचल अधिकारी अपने स्तर से जांच कर गलत या फर्जी जाति प्रमाणपत्र रद्द कर रहे हैं. विभाग ने इसे पूर्व में जारी निर्देशों के प्रतिकूल बताया है.

सरकार ने स्पष्ट किया है कि जाति प्रमाणपत्र के गलत या फर्जी पाए जाने के मामलों में उसे रद्द करने का अधिकार राज्यस्तरीय जाति जांच समिति की निर्धारित प्रक्रिया के तहत इस्तेमाल किया जाएगा. संबंधित जिला पदाधिकारी को शिकायत से जुड़े सभी दस्तावेज, अभिलेख और अपना स्पष्ट मंतव्य राज्यस्तरीय जाति जांच समिति को उपलब्ध कराना होगा. समिति पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार उचित आदेश पारित करेगी.

इसके बाद समिति के आदेश के आलोक में संबंधित जिला पदाधिकारी और बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी, पटना की ओर से जाति प्रमाणपत्र रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी.

इस आदेश के तीन बड़े मायने हैं. पहला, जाति प्रमाणपत्र रद्द करने में मनमानी पर रोक लगेगी. दूसरा, किसी व्यक्ति के खिलाफ शिकायत मात्र के आधार पर उसका प्रमाणपत्र रद्द नहीं किया जा सकेगा. तीसरा, पूरी प्रक्रिया में राज्यस्तरीय समिति की भूमिका निर्णायक होगी. इससे जाति प्रमाणपत्र विवादों में एकरूपता, पारदर्शिता और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की कोशिश की गई है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-