पटना : पढ़ाई के साथ खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए पटना के स्कूली बच्चों को बड़ा मंच मिलने जा रहा है. बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला शिक्षा कार्यालय की ओर से वार्षिक विद्यालय खेल कार्यक्रम 2026-27 के तहत जिलास्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 30 सितंबर (बुधवार) से 4 अक्टूबर तक किया जाएगा. पांच दिवसीय प्रतियोगिता में 24 खेल विधाओं में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे. करीब तीन हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं. ये सभी प्रतियोगिताएं पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर समेत अन्य खेल आयोजन स्थलों पर होगी.


पाटलिपुत्र खेल परिसर में होगा उद्घाटन

प्रतियोगिता का उद्घाटन30सितंबर को सुबह9बजे कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में होगा. इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों की मार्च पास्ट होगी. उद्घाटन के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग खेलों के मुकाबले शहर के विभिन्न खेल स्थलों पर कराए जाएंगे. क्रिकेट के बालक वर्ग में चयन ट्रायल भी आयोजित किया जाएगा.


तीन आयु वर्ग में मैदान पर उतरेंगे खिलाड़ी

प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17और अंडर-19आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे. कक्षा छह से12वीं तक के विद्यार्थी इसमें शामिल हो सकते हैं. खिलाड़ियों की आयु की गणना31दिसंबर2026के आधार पर की जाएगी. सरकारी विद्यालयों के अलावा मान्यता प्राप्त सीबीएसई और आईसीएसई विद्यालयों के विद्यार्थी भी प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे.


इन 24 खेलों में होगी प्रतिभा की परीक्षा

प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, खो-खो, शतरंज, वॉलीबॉल, कबड्डी, क्रिकेट, फुटबॉल, टेबल टेनिस, तीरंदाजी, सॉफ्टबॉल, साइकिलिंग, कुश्ती, भारोत्तोलन, योग, कराटे, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, वुशू, हॉकी, बास्केटबॉल, तैराकी, हैंडबॉल और रग्बी शामिल हैं.


अलग-अलग खेलों के लिए तय किए गए स्थल

एथलेटिक्स, खो-खो, शतरंज, वॉलीबॉल, कबड्डी, क्रिकेट, फुटबॉल, टेबल टेनिस, तीरंदाजी, हैंडबॉल और रग्बी के मुकाबले पाटलिपुत्र खेल परिसर में होंगे. कुश्ती, भारोत्तोलन, योग, कराटे और बॉक्सिंग के लिए राजेंद्र नगर स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला को केंद्र बनाया गया है. ताइक्वांडो और वुशू के मुकाबले साई प्रशिक्षण केंद्र, हॉकी राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय शास्त्रीनगर, बास्केटबॉल राजकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय राजेंद्र नगर और तैराकी चंद्रगुप्त जल विहार मोइनुल हक स्टेडियम में होगी.


स्कूल स्तर से आगे बढ़ेंगी प्रतिभाएं

जिला खेल कार्यालय के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है. बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए जिला, राज्य और उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने का रास्ता तैयार होगा. विद्यालय खेल आयोजनों के माध्यम से स्कूलों में खेल संस्कृति विकसित करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर पर पहचानकर उन्हें प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है.


एक खिलाड़ी एक खेल में ले सकेगा हिस्सा

प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार सामान्यत एक खिलाड़ी एक ही खेल में भाग ले सकेगा. हालांकि एथलेटिक्स में खिलाड़ी अधिकतम तीन स्पर्धाओं में हिस्सा ले सकते हैं. टीम वाले खेलों में विद्यालयों को पूरी टीम के साथ प्रतियोगिता में भाग लेना होगा.