1,500 दर्शकों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम तैयार, आर्ट गैलरी, लाइब्रेरी और बैंक्वेट हॉल जैसी सुविधाओं से कलाकारों व साहित्यकारों को मिलेगा नया मंच

रांची:झारखंड की राजधानी रांची को लंबे इंतजार के बाद आधुनिक रवींद्र भवन की सौगात मिल गई है। स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 292 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित रवींद्र भवन का ऑनलाइन उद्घाटन किया। इसके साथ ही वर्षों से लंबित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने का रास्ता साफ हो गया है।

रवींद्र भवन के उद्घाटन का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था। साल 2025 और 2026 में कई बार इसके उद्घाटन की तारीखों को लेकर चर्चा हुई, लेकिन अलग-अलग कारणों से उद्घाटन टलता रहा। आखिरकार दो साल बाद स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन समारोह में इसका उद्घाटन किया गया।

2017 में प्रणब मुखर्जी ने किया था शिलान्यास

रवींद्र भवन का शिलान्यास वर्ष 2017 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने किया था। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन निर्माण में देरी, कोरोना महामारी और तकनीकी अड़चनों के कारण परियोजना की समयसीमा लगातार आगे बढ़ती रही। लंबे इंतजार के बाद अब यह भवन बनकर तैयार हुआ है।

1,500 दर्शकों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम

नवनिर्मित रवींद्र भवन में 1,500 दर्शकों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम बनाया गया है। इसके अलावा आर्ट गैलरी, लाइब्रेरी और बैंक्वेट हॉल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से सांस्कृतिक, साहित्यिक और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कलाकारों और साहित्यकारों को मिलेगा बड़ा मंच

रवींद्र भवन के शुरू होने से झारखंड के कलाकारों, साहित्यकारों, विद्यार्थियों और सांस्कृतिक संगठनों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बड़ा मंच मिलेगा। यहां नाटक, संगीत, नृत्य, साहित्यिक गोष्ठियों, कला प्रदर्शनियों और विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों का आयोजन किया जा सकेगा। राजधानी में इस आधुनिक सांस्कृतिक केंद्र के शुरू होने से राज्य की कला, संस्कृति और साहित्यिक गतिविधियों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

रांची से राजेश पाठ की रिपोर्ट