आलमपुर में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद प्रशासन सख्त,शहर की थोक और खुदरा दुकानों के लाइसेंस व सुरक्षा मानकों की जांच तेज

सीवानः बिहार के सीवान जिले के जामो थाना क्षेत्र स्थित आलमपुर गांव में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। घटना के बाद शहर में पटाखों के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए अभियान शुरू किया गया है। इसी कड़ी में प्रशासन की टीम ने शहर की थोक और खुदरा पटाखा दुकानों की जांच की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुछ दुकानों को सील किए जाने की जानकारी सामने आई है। गौरतलब है कि शुक्रवार शाम को पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने से 5 लोगों की झुलसने से मौत हो गई थी।

पटाखा दुकानों और लाइसेंस की जांच तेज

आलमपुर की घटना के बाद प्रशासन ने पटाखा कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच तेज कर दी है। अधिकारियों की टीम दुकानों के लाइसेंस,संचालन से संबंधित अनुमति और सुरक्षा मानकों की पड़ताल कर रही है। कार्रवाई का उद्देश्य नियमों के विरुद्ध संचालित दुकानों की पहचान करना और संभावित दुर्घटनाओं को रोकना बताया जा रहा है।

जांच के दौरान जिन दुकानों में अनियमितताएं मिलने की बात सामने आई है,उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने पटाखों के कारोबार में सुरक्षा नियमों के पालन पर जोर दिया है।

सदर एसडीएम ने कहा,कार्रवाई जारी

कार्रवाई के दौरान सदर एसडीएम आशुतोष गुप्ता ने बताया कि जांच और कार्रवाई अभी जारी है। पूरी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

प्रशासन की ओर से की जा रही इस कार्रवाई के बीच शहर के पटाखा कारोबारियों में हलचल देखी जा रही है। अधिकारियों की टीम विभिन्न दुकानों की जांच कर रही है,ताकि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

आलमपुर विस्फोट के बाद सुरक्षा पर जोर

आलमपुर गांव में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद पटाखों के भंडारण,बिक्री और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में प्रशासन की कार्रवाई को संभावित हादसों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

फिलहाल,सीवान शहर में पटाखा दुकानों की जांच और सीलिंग की कार्रवाई जारी है। प्रशासन की विस्तृत रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कितनी दुकानों की जांच हुई,कितनों को सील किया गया और किन प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सीवान से निरंजन कुमार की रिपोर्ट