NEWS DESK :बॉलीवुड के मशहूर एक्टर और गोपालगंज के लाल पंकज त्रिपाठी के बहनोई की भीषण सड़क हादसे में मौत हो गयी है। वहीं, बहन सरिता तिवारी की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

बताया जाता है कि पंकज त्रिपाठी के बहनोई राजेश तिवारी अपने माता-पिता से मिलने के लिए गांव आए थे लेकिन पश्चिम बंगाल के चितरंजन लौटते वक्त रास्ते में उनका एक्सीडेंट हो गया। नवमी पूजन के बाद राजेश अपनी फैमिली के साथ कार पर सवार होकर चितरंजन के लिए निकले लेकिन रास्ते में ही उनका एक्सीडेंट हो गया. धनबाद पहुंचने पर उन्होंने घर वालों को बताया भी था कि वो धनबाद तक पहुंच चुके हैं लेकिन निरसा में हादसा उनका इंतजार कर रहा था। जैसे ही उनकी कार निरसा पहुंची, उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

भीषण सड़क हादसे में बहनोई की मौत, शोक में डूबा पूरा परिवार

गौरतलब है कि राजेश तिवारी गोपालगंज के बरौली थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव के रहने वाले थे। वे चितरंजन रेल स्टेशन पर ग्रुप डी में काम करते थे वहीं उनकी बहन वेस्ट बंगाल के भवानीपुर मध्य विद्यालय में प्राचार्य हैं। उन्हें जब भी वक्त मिलता था, वे गांव अपने माता-पिता के पास चले आते थे। फिलहाल इस घटना के बाद घर में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।