नवादा:बड़ी खबर नवादा से है जहां जिले के कादिरगंज थाना क्षेत्र से लापता8वर्षीय रौशन कुमार का शव पौरा गांव के पास सकरी नदी से बरामद किया गया. बच्चे के शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के विरोध में ग्रामीणों ने न्याय की मांग को लेकर कादिरगंज पथ को जाम कर आगजनी करते हुए प्रदर्शन किया.

नवादा में लापता 8 वर्षीय बच्चे का शव बरामद, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

बताया जा रहा है कि15सितंबर की सुबह करीब7:30बजे रौशन कुमार अपने भाई दिलखुश कुमार के साथ सकरी नदी स्थित सूर्य मंदिर के पास गौरा जी का विसर्जन करने गया था. इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा. परिजनों ने बच्चे की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद कादिरगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई गई.

बुधवार को पौरा गांव के समीप सकरी नदी में बच्चे का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही कादिरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बरामद कर जांच शुरू कर दी.

परिजनों ने बच्चे के अपहरण के बाद निर्मम हत्या कर शव को नदी में फेंके जाने का गंभीर आरोप लगाया है. हालांकि, पुलिस की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है. वहीं, ग्रामीण घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

मृतक की पहचान रौशन कुमार, उम्र8वर्ष, पिता शंकर चौधरी, निवासी कादिरगंज, नवादा के रूप में हुई है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और बच्चे की मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

नवादा से दिनेश कुमार की रिपोर्ट--