पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है. आय से अधिक संपत्ति के मामले में पूर्णिया में पदस्थापित भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सत्येंद्र कुमार चौधरी के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है.
निगरानी विभाग की टीम ने पटना में एक और पूर्णिया में दो ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया है. सुबह से चल रही कार्रवाई के दौरान अधिकारियों की टीम संपत्ति से जुड़े दस्तावेज,बैंकिंग लेनदेन और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच कर रही है.
बताया गया है कि सत्येंद्र कुमार चौधरी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने से संबंधित मामला सामने आया था. इसी मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने उनके ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई शुरू की है.
छापेमारी के दौरान टीम को संपत्ति से जुड़े कागजात और बैंकिंग रिकॉर्ड मिलने की जानकारी सामने आई है. इन दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है,ताकि संपत्तियों और आय के स्रोतों से संबंधित तथ्यों का सत्यापन किया जा सके.
पटना और पूर्णिया में एक साथ हुई कार्रवाई के बाद भवन निर्माण विभाग में भी हलचल बढ़ गई है. फिलहाल निगरानी विभाग की कार्रवाई जारी है और तलाशी पूरी होने के बाद ही बरामद दस्तावेजों तथा अन्य सामग्रियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आएगी.
निगरानी विभाग की ओर से आधिकारिक रूप से छापेमारी के दौरान किसी बड़ी नकदी या अन्य संपत्ति की बरामदगी का विस्तृत ब्योरा अभी सामने नहीं आया है. जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई और वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित तस्वीर स्पष्ट होगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--
