जहानाबाद :जिले के कडौना थाना क्षेत्र के चिडैयाताड़ सेवनन गांव निवासी विजेंद्र कुमार की पत्नी काजल और पटना जिले के रौनिया बारह गांव निवासी रणधीर के बीच करीब एक साल से चल रहा प्रेम प्रसंग उस समय चर्चा का विषय बन गया,जब दोनों को पटना जिले के मसौढ़ी स्थित एक होटल से पकड़ लिया गया. खास बात यह है कि दोनों पहले से शादीशुदा हैं. रणधीर कुमार चौधरी के चार बच्चे भी हैं. वहीं काजल भी एक बच्चे की मां हैं. होटल से पकड़े जाने के बाद परिजन और ग्रामीणों ने दोनों को सेवनन गांव ले आए,जहां ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों की शादी करा दी गई.

जानकारी के अनुसार,रणधीर टेम्पो चलाता है. करीब एक साल पहले काजल उसके टेम्पो में सवार हुई थी. इसी दौरान दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर ले लिए. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और धीरे-धीरे यह बातचीत प्रेम संबंध में बदल गया. बताया जा रहा है कि काजल का पति बाहर रहकर काम करता है. इसी दौरान उसके ससुराल वालों को दोनों के बीच संबंध होने का शक हुआ. काजल जैसे ही घर से निकली,उसके पति और परिजनों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया. पीछा करते हुए परिजन मसौढ़ी स्थित एक होटल पहुंचे,जहां रणधीर और काजल दोनों को एक साथ पकड़ लिया गया. इसके बाद दोनों को सेवनन गांव लाया गया. सेवनन पहुंचने के बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों की शादी करा दी गई. इस दौरान रणधीर की पहली पत्नी भी अपने चार बच्चों के साथ मौके पर मौजूद थी. पति की दूसरी शादी होते देख पहली पत्नी फूट-फूटकर रोती रही.

इस मौके पर मौजूद लोगों के बीच यह पूरा मामला चर्चा का विषय बना रहा. इस दृष्य के बाद गांव में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही.