डुमरी चौक पर आधी रात को वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे अपराधी, पुलिस की तत्परता से टली ATM लूट की बड़ी घटना; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस।
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में आधी रात को ATM लूटने पहुंचे अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। स्कॉर्पियो सवार अपराधी भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का ATM उखाड़कर गाड़ी में लोड कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही अपराधी ATM छोड़कर स्कॉर्पियो से फरार होने लगे। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने गोली चलाई और उनका पीछा भी किया, लेकिन अपराधी भागने में सफल रहे।

मुजफ्फरपुर में ATM लूटने पहुंचे बदमाशों पर पुलिस ने चलाई गोली, उखाड़ा गया ATM छोड़ स्कॉर्पियो से हुए फरार
पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के डुमरी चौक के समीप का है। जानकारी के अनुसार, देर रात सदर थाना पुलिस को सूचना मिली कि स्कॉर्पियो सवार कुछ अपराधी SBI के ATM को उखाड़कर लूटने का प्रयास कर रहे हैं। अपराधी ATM मशीन को उखाड़कर स्कॉर्पियो में लोड करने में जुटे थे।

सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को देखते ही अपराधियों में हड़कंप मच गया। वे स्कॉर्पियो लेकर मौके से भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए गोली चलाई और उनका पीछा किया। हालांकि, अपराधी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि बदमाश उखाड़े गए ATM को मौके पर ही छोड़कर भाग निकले।

क्या बोले SDPO?
पूरे मामले पर टाउन-2 SDPO दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि स्कॉर्पियो सवार अपराधी डुमरी स्थित SBI के ATM को लूट रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर अपराधी स्कॉर्पियो से भागने लगे। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की ओर से गोली चलाई गई, लेकिन अपराधी फरार हो गए। बदमाश उखाड़ा गया ATM मौके पर ही छोड़ गए।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अपराधियों की पहचान करने में जुटी है, ताकि उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

मुजफ्फरपुर से रविरंजन कुमार की रिपोर्ट