पटना: बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के ठीक अगले दिन 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। एनडीए इसे ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटा है, वहीं बिहार को मिलने वाली संभावित विकास परियोजनाओं और बड़ी घोषणाओं पर सबकी निगाहें टिकी हैं। औद्योगिक विकास, रोजगार, एक्सप्रेसवे और बुनियादी ढांचे को लेकर बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

NDAका दावा,बिहार को मिलेगी बड़ी सौगात
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर एनडीए के घटक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं, राज्य को विकास की सौगात देते हैं। इस बार भी बिहार को उनसे काफी उम्मीदें हैं। एनडीए के सभी घटक दल मिलकर प्रधानमंत्री के स्वागत को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हैं। वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार से विशेष लगाव है। एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर उनका बिहार आगमन महत्वपूर्ण है। 21 नवंबर को प्रधानमंत्री बिहार के लिए बड़ी घोषणा करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी घटक दल एकजुट होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी कर रहे हैं।

श्रवण कुमार ने भी जताई बड़ी उम्मीद
जेडीयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री श्रवण कुमार ने भी प्रधानमंत्री के दौरे को बिहार के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि एनडीए सरकार बिहार के विकास और जनता के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री के आगमन से राज्य में विकास की योजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मोदी के बिहार दौरे पर सियासी संग्राम, NDA को बड़ी सौगात की उम्मीद तो तेजस्वी ने उठाए सवाल

तेजस्वी यादव का काउंटर,शिलान्यास हमने किया,उद्घाटन करने आ रहे मोदी
दूसरी तरफ नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि जिस परियोजना का शिलान्यास पहले उनके नेतृत्व में किया गया था, उसी परियोजना का उद्घाटन करने अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आ रहे हैं। तेजस्वी यादव का सवाल है कि पुरानी परियोजनाओं के उद्घाटन को नई उपलब्धि के तौर पर पेश करने की कोशिश क्यों की जा रही है?

तेजस्वी यादव के इस काउंटर से प्रधानमंत्री के दौरे पर सियासी बहस तेज होने के आसार हैं। एक तरफ एनडीए इसे बिहार के विकास की बड़ी उपलब्धि बता रहा है, तो दूसरी तरफ विपक्ष परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन को लेकर सरकार से जवाब मांग रहा है।

बिहार को किन बड़ी सौगातों की उम्मीद?
प्रधानमंत्री के वैशाली दौरे में राघोपुर में गंगा नदी पर बने छह लेन पुल का उद्घाटन प्रस्तावित है। इसके अलावा करीब1650एकड़ में विकसित हो रहे औद्योगिक गलियारे से जुड़ी परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास की भी तैयारी है। पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे, भागलपुर में केंद्रीय विश्वविद्यालय और सुल्तानगंज ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं को लेकर भी उम्मीदें जताई जा रही हैं।

अब21नवंबर पर टिकी निगाहें
कुल मिलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार दौरा विकास के साथ-साथ सियासी लिहाज से भी बेहद अहम होने जा रहा है। एनडीए इसे सरकार के एक साल की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं को जनता के सामने रखने का बड़ा अवसर मान रहा है। वहीं तेजस्वी यादव शिलान्यास और उद्घाटन के मुद्दे पर सरकार को घेर रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रधानमंत्री बिहार को कितनी बड़ी सौगात देते हैं और विपक्ष के सवालों पर एनडीए का क्या जवाब आता है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट