बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर मंगलवार से काउंटिंग हो रही है. आज फाइनल आंकड़े जारी हो जाएंगे। कई सीटों पर कल ही नतीजे आ गए थे।शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। पटना,तिरहुत,दरभंगा और सारण यानी कि सभी चारों सीटों पर मौजूदा एमएलसी चुनाव हार गए.
पटना से लेकर तिरहुत, दरभंगा और सारण तक सभी चारों सीटों पर मौजूद एमएलसी को हार का सामना करना पड़ा है। नतीजों में आरजेडी, बीजेपी, जनसुराज और निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि चारों सीटों पर अलग-अलग उम्मीदवारों ने बाजी मारी है।
पटना शिक्षक सीट से बीजेपी के मौजूदा एमएलसी नवल किशोर को हार का सामना करना पड़ा है। करीब तीन दशक से बीजेपी के पास रहने वाली सीट खिसक गई है और यहां से राजद के संजीव कुमार ने बाजी मारी है। वहीं तरहुत शिक्षक सीट से लेफ्ट के एमएलसी संजय कुमार को हार का सामना करना पड़ा है, यहां से बीजेपी के नरेंद्र सिंह ने बाजी मारी है।
दरभंगा शिक्षक सीट से कांग्रेस के मदन मोहन झा को हार का सामना करना पड़ा है, इस सीट से जन सुराज के सुरेश राय ने जीत हासिल की है। वहीं सारण शिक्षक सीट से जन सुराज से अफाक अहमद चुनाव हार गए है, इस सीट से निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने जीत दर्ज की है।
शिक्षक और स्नातक के 8 सीटों में से 5 के रिजल्ट घोषित हो चुके हैं और तीन सीटों पर काउंटिंग जारी है। इनमे कोसी स्नातक, तिरहुत स्नातक और दरभंगा स्नातक के सीट शामिल हैं। कोसी स्नातक से बीजेपी के एनके यादव आगे चल रहे हैं। तिरहुत स्नातक सीट से निर्दलीय उम्मीदवार वंशीधर वृजवासी आगे चल रहे हैं, वहीं दरभंगा स्नातक सीट से बीजेपी के सर्वेश कुमार आगे चल रहे हैं।

