मधुबनी : जिले के बाबूबरही में एएसआई चंदमोहन सिंह की अंधाधुंध फायरिंग की घटना के बाद इलाके के लोगों में काफी आक्रोश है. मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी पुलिसकर्मी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.

मधुबनी में पुलिसकर्मी की फायरिंग के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

गौरतलब है कि बीती देर रात बाबूबरही के एक पुलिस पिकेट में तैनात एएसआई चंदमोहन सिंह ने अपने सर्विस रिवॉल्वर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी. इस घटना में चार लोगों को गोली लगी थी, जिनमें एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है.

घटना के बाद से आरोपी एएसआई फरार बताया जा रहा है. मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार ने आरोपी पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही उसकी बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है. पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा भी की है. फिलहाल घटना को लेकर इलाके में तनाव और लोगों में भारी नाराजगी बनी हुई है. बताया जा रहा है आरोपी पुलिसकर्मी का एक महिला के साथ गलत संबंध था जिसको लेकर वो उसके घर आया जाया करता था. ग्रामीणों ने आपत्तिजनक स्थिति में उसे देख लिया और घर का दरवाजा बंद कर दिया जिसके बाद खुद को बचाने के लिए उसने सर्विस रिवॉल्वर से गोली चला दी.

मधुबनी से कुमार गौरव की रिपोर्ट-