गिद्धौर स्थित आवासीय विद्यालय के कमरे में मिला प्रियंका कुमारी का शव,पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को करना पड़ा विरोध का सामना
चतरा: झारखंड के चतरा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गिद्धौर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में सोमवार की रात एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विद्यालय के कमरे में छात्रा का शव मिलने के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। घटना से विद्यालय की अन्य छात्राओं में भी दहशत का माहौल है। मृत छात्रा की पहचान बरियातू पंचायत के सिमरातरी गांव निवासी संतोष भुइंया की पुत्री प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। वह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
विद्यालय के बाहर परिजनों और ग्रामीणों का हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन और ग्रामीण विद्यालय परिसर के बाहर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया और मामले को लेकर नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर गिद्धौर थाना प्रभारी और अंचल अधिकारी (CO) मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान परिजनों और अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिमरिया एसडीपीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात को संभालने का प्रयास किया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव,जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना पुलिस विद्यालय पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस छात्रा की मौत के कारणों की जांच कर रही है। विद्यालय प्रबंधन की भूमिका, छात्रा की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस घटना ने आवासीय विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
चतरा से संजय कुमार की रिपोर्ट

