भूली के अमन सोसाइटी में मिला रियाज अंसारी का शव,रविवार से था लापता;परिजनों ने जताई हत्या कर शव कुएं में फेंकने की आशंका
धनबाद: धनबाद के भूली ओपी क्षेत्र स्थित अमन सोसाइटी में मंगलवार सुबह कुएं से 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आजाद नगर, अमन सोसाइटी गेट नंबर-1 निवासी रियाज अंसारी के रूप में हुई है। युवक का शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई है।

रविवार को घर से निकला था रियाज,फिर नहीं लौटा
परिजनों के अनुसार, रियाज अंसारी रविवार को अपने घर से निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी काफी खोजबीन की। जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो सोमवार को भूली ओपी थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।

कुएं में शव मिलने से मचा हड़कंप
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों से पास के ही एक कुएं में शव होने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान रियाज अंसारी के रूप में की। युवक का शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि रियाज की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कुएं में फेंक दिया गया।

पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही भूली ओपी की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस युवक की मौत के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।