मधुबनी : बिहार के मधुबनी जिले में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है. बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में एक एएसआई की कथित अंधाधुंध फायरिंग में एक महिला समेत दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस ने आरोपी एएसआई की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है.
मृतकों की पहचान अशोक यादव (45) और फूलो देवी (40) के रूप में हुई है. वहीं, गोली लगने से विजेंद्र यादव और धनिकलाल यादव घायल हैं. दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. जानकारी के अनुसार, आरोपी एएसआई बलिराजगढ़ में पुरातात्विक स्थल की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात था.
मधुबनी के एसपी योगेंद्र कुमार के मुताबिक, आरोपी का गांव की एक महिला के घर आना-जाना था. सोमवार की रात वह फिर वहां पहुंचा, जहां स्थानीय लोगों ने उसे देख लिया और कमरे में बंद कर दिया. खुद को घिरा देखकर आरोपी ने कमरे के अंदर से अपनी सरकारी रिवॉल्वर से कई राउंड फायरिंग कर दी. इसमें चार ग्रामीणों को गोली लगी.
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने अशोक यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि फूलो देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी योगेंद्र कुमार ने अस्पताल और घटनास्थल का निरीक्षण किया. गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. एसपी ने बताया कि आरोपी एएसआई को निलंबित किया जा रहा है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है. गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें बनाई गई है. पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्पीडी ट्रायल के जरिए कड़ी सजा दिलाने की बात कही है.
संजय कुमार की रिपोर्ट-
