विदेश में बैठकर चला रहे थे आपराधिक नेटवर्क,शूटरों के जरिए रंगदारी व गोलीबारी की घटनाओं को दे रहे थे अंजाम
रांची: झारखंड में रंगदारी वसूली और गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। गैंगस्टर प्रिंस खान की तर्ज पर विदेश में बैठकर झारखंड में अपना आपराधिक नेटवर्क संचालित करने वाले राहुल दुबे और राहुल सिंह पर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिकंजा कसने की तैयारी है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों अपराधियों पर विदेश में रहकर अपने स्थानीय शूटरों के जरिए रंगदारी वसूलने और गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम दिलवाने का आरोप है। झारखंड पुलिस की अनुशंसा पर सीबीआई ने दोनों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है।

अब विदेश में छिपना नहीं होगा आसान
रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद अब दुनिया के अलग-अलग देशों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों को इन दोनों आरोपियों की तलाश और पहचान में मदद मिल सकेगी। संबंधित देश के कानूनों के अनुसार उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की जा सकती है। इसके बाद प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होगी कार्रवाई
झारखंड में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के लिए विदेश से नेटवर्क संचालित करने वाले अपराधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस की कोशिश है कि विदेश में बैठकर स्थानीय अपराधियों के माध्यम से रंगदारी और गोलीबारी कराने वाले आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाए।

रेड कॉर्नर नोटिस के जरिए अब राहुल दुबे और राहुल सिंह की तलाश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर की जा सकेगी। हालांकि, रेड कॉर्नर नोटिस अपने आप में गिरफ्तारी वारंट नहीं है। संबंधित देश के कानूनों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रांची से राहुल की रिपोर्ट