DESK : अपने प्यार को पाने की हसरत हर किसी को रहती है। किसी का प्यार मुकम्मल हो जाता है तो किसी को निराशा हाथ लगती है, लेकिन कुछ निराश-हताश लोगों का प्यार सनक में बदल जाता है। इन दिनों प्यार के त्योहार को सेलिब्रेट करने के लिए वेलेंटाइन वीक चल रहा है। अब इस इश्क़ के महीने में अपने आसपास हर किसी को प्यार के रंग में रंगा देख चोट खाये आशिक़ की बेचैनी बढ़ जाती है और ऐसे में ज्यादातर लोग कुछ बड़े कांड को अंजाम दे जाते हैं।



इश्क का महीना आशिक को याद आई हसीना

इश्क़ के महीने में प्रेमी-प्रेमिका से जुड़े कई अजीबो-गरीब मामले भी सामने आ रहे हैं। एक ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के आगरा से सामने आया है जहां प्यार में चोट खाए आशिक ने कुछ ऐसा कर दिया कि शहर की पुलिस हैरान रह गई। बताया जा रहा है कि एक शख्स 20 साल पहले वह पुष्पांजलि नाम की लड़की को पसंद करता था। एक दिन उसने लड़की का रास्ता रोक कर अपने प्यार का इजहार किया लेकिन इस आशिक के सारे अरमानों पर उस वक़्त पानी फिर गया जब युवती ने आशिक़ के इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया और तो और उसे जमकर खरी-खोटी भी सुना दिया। फिर क्या यह आशिक अपनी प्रेमिका से इस कदर नफरत करने लगा कि आज बीस साल बाद भी उसे भूल नहीं पाया।

सनकी ने उड़ा दी पुलिस की नींद

उस शख्स को लड़की के नाम से ही ऐसी चिढ़ हो गई कि उसने एक कांड को अंजाम दे दिया। बताया जा रहा है कि अलीगढ़ स्टेशन के पास पुष्पांजलि हॉस्पिटल का होर्डिंग लगा था। उस पर हेल्पलाइन नंबर लिखा था। आरोपित ने नशे में उसी नंबर पर फोन मिला दिया। कहा कि हॉस्पिटल में टाइम बम लगा है। सूचना मिलते ही पुलिस के होश उड़ गए। आननफानन में पूरे हॉस्पिटल की सघन जांच की गई। बता दें कि इस हॉस्पिटल में 100 से अधिक मरीज भर्ती थे और हॉस्पिटल परिसर में बड़ी संख्या में तीमारदार मौजूद थे।


इसी बीच पुलिस ने आरोपी को भी दबोच लिया। वहीं जब आरोपी से सघन पूछताछ हुई तो सारा माजरा सामने आ गया। इस दौरान ही आरोपित की पत्नी भी मौके पर पहुंच गई। पत्नी ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि उसका पति मानसिक बीमार है। जिसके बाद पुलिस ने हिदायत देकर छोड़ दिया।