पटना : बिहार भाजपा विपक्ष पर झूठा नैरेटिव सेट करने के विरोध में अब'लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ'अभियान चलाएगी. इसके तहत प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक लोगों को हकीकत से रूबरू कराया जाएगा.

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि कांग्रेस और घमंडिया गठबंधन पूरे देश में झूठा नैरेटिव स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं. इसके विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने‘लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ’कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया है. प्रथम चरण में यह कार्यक्रम पांच नवंबर तक पूरे देश में आयोजित किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि बिहार में भी इस अभियान को लेकर व्यापक तैयारी की गई है. पार्टी लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और विपक्ष की राजनीति का जवाब देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी.

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस हमेशा ऐसे मुद्दों को उठाती रही है,जिन्हें देश की आम जनता पहले ही नकार चुकी है. वह संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव आयोग पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास करती है. मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया के खिलाफ भी कांग्रेस लगातार अनर्गल बयानबाजी कर रही है.

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान आवश्यक है,लेकिन कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए संस्थाओं पर सवाल खड़े करने की राजनीति कर रही है. भाजपा इस तरह की राजनीति के खिलाफ जनता के बीच जाएगी और तथ्यों के आधार पर अपना पक्ष रखेगी.

संजय सरावगी ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में 28 अक्टूबर से बिहार के 10 कमिश्नरी मुख्यालयों में बड़े पैमाने पर पदयात्रा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. इसकी शुरुआत पटना से होगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 28 अक्टूबर को पटना के गांधी मैदान स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा से कारगिल चौक तक पदयात्रा करेंगे. यह कार्यक्रम सुबह लगभग 11 से 11:30 बजे के बीच शुरू होगा.

इस पदयात्रा के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता लोकतंत्र की मजबूती,संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और विपक्ष की कथित भ्रामक राजनीति के खिलाफ अपनी बात जनता तक पहुंचाएंगे.

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अभियान को चरणबद्ध तरीके से पूरे बिहार में विस्तार दिया जाएगा. पहले चरण में सभी 10 कमिश्नरी मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित होंगे. इसके बाद दूसरे चरण में प्रत्येक जिला मुख्यालय में भी पदयात्रा और अन्य गतिविधियों के माध्यम से जनता के बीच पहुंचा जाएगा. भाजपा का उद्देश्य लोकतंत्र के प्रति जनविश्वास मजबूत करना और कांग्रेस सहित विपक्षी दलों की राजनीति के संबंध में जनता को जागरूक करना है. उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे.

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-