पटना : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार की सुबह से ही बिहार के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. राजधानी पटना के गंगा घाटों पर सुबह से ही लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया. स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. इस दौरान घाटों पर दीपदान और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला जारी रहा.

ज्योतिषीय गणना के अनुसार, इस बार कार्तिक पूर्णिमा पर कृत्तिका नक्षत्र और परिघ योग का शुभ संयोग बना है. पूर्णिमा तिथि मंगलवार रात 9 बजकर 22 मिनट तक रहेगी. श्रद्धालु पूरे दिन गंगा स्नान, दान-पुण्य, सत्यनारायण कथा, गीता पाठ और दीपदान करेंगे. धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन स्नान और दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है.

क्यों मनाई जाती है देव दीपावली?

पंडितों के अनुसार, धार्मिक ग्रंथों में उल्लेख है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने तारकासुर के तीन पुत्रों तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली का वध किया था. इस विजय के बाद भगवान शिव त्रिपुरारी कहलाए. मान्यता है कि देवताओं ने इस खुशी में दीपोत्सव मनाया था. इसी परंपरा के कारण कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाई जाती है.

मिथिला में सामा-चकेवा का समापन

कार्तिक पूर्णिमा का मिथिला की लोक संस्कृति में भी विशेष महत्व है. कई दिनों से चल रहे सामा-चकेवा पर्व का मंगलवार को सामा की विदाई के साथ समापन हो रहा है. इस दौरान बहनें पारंपरिक लोकगीत गाकर भाइयों की सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना करती हैं.

पूजा के प्रमुख मुहूर्त

चर-लाभ-अमृत मुहूर्त सुबह 8:55 से दोपहर 12:56 बजे तक, अभिजित मुहूर्त सुबह 11:15 से 11:57 बजे तक और शुभ मुहूर्त दोपहर 2:17 से 3:37 बजे तक है. कार्तिक पूर्णिमा आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति का अनूठा संगम है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-