पटना : बिहार में मंगलवार की सुबह लोगों की नींद भूकंप के झटकों के बीच खुली. सुबह करीब 7 बजकर 5 मिनट पर राज्य के कई हिस्सों में धरती कांपने लगी. राजधानी पटना से लेकर उत्तर बिहार और सीमांचल तक भूकंप के झटके महसूस किए गए. अचानक हुए कंपन से लोगों में दहशत फैल गई. कई इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.4 मापी गई है. दरभंगा में सुबह करीब 7:05 बजे दो से तीन सेकंड तक झटके महसूस किए गए. इसके अलावा पटना, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, शिवहर, बेगूसराय और सिवान समेत कई जिलों में भी धरती में कंपन महसूस किया गया.
नेपाल में था भूकंप का केंद्र
भूकंप विज्ञान से जुड़े शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जमीन की सतह से लगभग 20 किलोमीटर नीचे था. इसका भौगोलिक स्थान 27.855 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.909 डिग्री पूर्वी देशांतर बताया गया है. यह स्थान बिहार के मुजफ्फरपुर से करीब 315 किलोमीटर उत्तर-पूर्व, नेपाल की राजधानी काठमांडू से लगभग 254 किलोमीटर पूर्व और भूटान की राजधानी थिम्पू से करीब 175 किलोमीटर दूर स्थित है.
कई देशों में महसूस हुए झटके
इस भूकंप का असर सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं रहा. सिक्किम, पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी और पड़ोसी देशों नेपाल, भूटान, बांग्लादेश तथा चीन के कुछ हिस्सों में भी कंपन महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई है.
राहत की बात यह है कि शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार बिहार में फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है. हालांकि, सुबह-सुबह आए भूकंप ने लोगों को डरा दिया. भूकंप के बाद लोग एक-दूसरे से हालचाल लेते नजर आए. प्रशासनिक स्तर पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
