बोकारो जिले के ललपनिया स्थित लोगो लुगूबुरु घंटाबड़ी धोरोमगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव में आज राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पूरे परिवार के साथ शिरकत करेंगे। यह आदिवासियों का सबसे बड़ा धर्मस्थल है, जहां देश और विदेश से आदिवासी समाज के लोग पहुंचकर लोगो लुगू बाबा की गुफा में दर्शन और पूजन करते हैं। इस महोत्सव में लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं।

इस आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बोकारो के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने खुद दो दिनों तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर बोकारो पुलिस की तरफ से पहली बार पहाड़ और गुफा के पास पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया गया है, जहां जरूरतमंदों को सहायता दी जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी न हो।