हजारीबाग नगर निगम के महापौर पद के उपविजेता मोहम्मद सरफराज अहमद ने शहर के विकास कार्यों, मेयर क्रिकेट लीग और बकाया राजस्व वसूली के मुद्दे पर मेयर अरविंद राणा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेयर जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटका रहे हैं और बड़े बकायेदारों का बचाव कर रहे हैं।

खेल महोत्सव के पुरस्कार आज तक नहीं मिले

मेयर क्रिकेट लीग पर सवाल उठाते हुए सरफराज अहमद ने कहा कि इस आयोजन से शहर का नहीं, बल्कि सिर्फ मेयर अरविंद राणा का विकास हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले जून-अगस्त में हुए खेल महोत्सव में 8 लाख 30 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक किसी भी छात्र या खिलाड़ी को एक रुपया भी नहीं मिला। उन्होंने सवाल किया कि 20-20 मैच कराने से हजारीबाग का क्या भला होगा और क्या इस टूर्नामेंट में शहर के 36 वार्डों का कोई भी पार्षद या आम नागरिक खेल रहा है? उन्होंने इसे मेयर की मनमानी करार दिया। बाइक से शहर घुमाएं, गंदगी के लिए मिलेगा अवार्ड शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था पर कटाक्ष करते हुए सरफराज अहमद ने मेयर को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि मेयर ने झारखंड के अन्य जिलों से जिन मेयरों को आमंत्रित किया है, उन्हें एक बार बाइक पर बिठाकर हजारीबाग शहर घुमाएं। शहर में जगह-जगह फैले कूड़े और गंदी नालियों को देखकर वे खुद ही अरविंद राणा को अवार्ड दे देंगे।

करोड़ों के बकायेदारों के बचाव पर जताई आपत्ति

नगर निगम द्वारा बकाया टैक्स वसूली के अभियान पर मेयर की आपत्ति को सरफराज अहमद ने पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि आरोग्य हॉस्पिटल, बैंक ऑफ इंडिया और पैराडाइज जैसे संस्थानों पर करोड़ों रुपये का टैक्स बकाया है। एक तरफ मेयर फंड की कमी का रोना रोते हैं और दूसरी तरफ सालों से रुके राजस्व की वसूली का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "मेयर साहब को 23 हजार लोगों ने वोट दिया है और शहर की 1 लाख 96 हजार जनता उनके लिए खास होनी चाहिए, न कि कोई एक 'पर्सनल आदमी'। क्या टैक्स सिर्फ 36 वार्डों की गरीब जनता से ही वसूला जाएगा?" उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर मेयर को इतनी ही तकलीफ हो रही है, तो वे इन संस्थानों का बकाया खुद भर दें या फिर सभी 23 हजार मतदाताओं का टैक्स माफ करवा दें।

विरोधी नहीं, सपोर्टर के तौर पर दिखा रहा हूं कमियां

अपना रुख साफ करते हुए सरफराज अहमद ने कहा कि वे केवल गलत का विरोध करते हैं। इससे पहले पत्रकारों और बोर्ड से जुड़े मामलों में वे नगर आयुक्त और नगर निगम के खिलाफ भी खड़े हुए थे। उन्होंने मेयर को नसीहत देते हुए कहा कि वे उन्हें अपना विरोधी न समझें, बल्कि एक सपोर्टर मानें जो शहर की कमियां दिखा रहा है ताकि उन्हें सुधारकर मेयर अपना नाम कमा सकें। उन्होंने अपील की कि कार्यकाल का एक साल पूरा होने वाला है, इसलिए आपसी लड़ाई छोड़कर शहर के विकास पर ध्यान दिया जाए।