PATNA : बिहार में जहरीली शराब से हुई मौत के बाद सियासी पारा हाई हो गया है। सीतामढ़ी और गोपालगंज में हुई संदिग्ध मौत के बाद विरोधी दलों ने एकबार फिर नीतीश सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। हिन्दुस्तान अवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी ने एकबार फिर बिहार सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए उनकी तुलना जनरल डायर से कर दी है।
नीतीश सरकार पर बोला हमला
पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया X पर एक पोस्ट साझा किया है और लिखा है कि ज़हरीली शराब के नाम पर दलितों को थोड़ी-थोड़ी मौत क्यों बांट रहे हैं नीतीश जी? एक ही बार”जनरल डायर” टाइप लाइन में खड़ा करके सबको गोली मार दीजिए, आपके नफ़रत का अंत हो जाएगा। ज़हरीली शराब से हो रही मौत को नहीं रोक सकते तो शराबबंदी कानून का क्या मतलब है? कम से कम गुजरात से तो सबक लीजिए।
वहीं, इस पूरे मामले पर अब बिहार बीजेपी ने भी मोर्चा खोला हुआ है। बीजेपी की 6 सदस्यीय टीम गोपालगंज के बैकुंठपुर पहुंची है और पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस पूरे मामले पर बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि बिहार में हर साल जहरीली शराब से दर्जनों लोगों की जान चली जाती है। इसके बावजूद नीतीश कुमार शराब नीति की समीक्षा करने के लिए तैयार नहीं हैं। पुलिस और प्रशासन की शराब माफियाओं से मिलीभगत है।

