सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल बाजार के प्रतिष्ठित आभूषण व्यवसायी लक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक सुरेश चौधरी के आवास पर हुई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरायकेला-खरसावां और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र से की गई है। मामले में दो स्थानीय बदमाशों समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गौरतलब है कि9 अक्टूबर2026 की देर रात चांडिल बस स्टैंड स्थित सुरेश चौधरी के आवास पर डकैती की वारदात हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
सरायकेला-खरसावां पुलिस और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस की कार्रवाई में गिरफ्तार पांच आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- मोहिउद्दीन अंसारी — श्यामडीह, कतरास, धनबाद
- सिराजुद्दीन अंसारी — श्यामडीह, कतरास, धनबाद
- गुलजार अंसारी — श्यामडीह, कतरास, धनबाद
- सोबराती अंसारी — चंदनकियारी, बोकारो
- शेख जमील — चंदनकियारी, बोकारो
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और वे हजारीबाग जेल में बंद हैं।
चौपारण ज्वेलरी दुकान में डकैती के मामले से जुड़े तार
पुलिस के अनुसार, 25 और26 सितंबर की दरमियानी रात हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में वैष्णवी ज्वेलरी दुकान में डकैती हुई थी। इसी मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान चांडिल में सुरेश चौधरी के आवास पर हुई डकैती में उनकी कथित संलिप्तता सामने आई।
जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, चांडिल की वारदात में कुल आठ लोग शामिल थे। इनमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जबकि दो स्थानीय बदमाशों की भी तलाश की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, दोनों स्थानीय आरोपी चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के रहने वाले हैं।
आरोपियों को रिमांड पर लेने की तैयारी,छापेमारी जारी
चांडिल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को हजारीबाग जेल से रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
बताया जाता है कि घटना के बाद एसपी मनोज स्वर्गियारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद सरायकेला-खरसावां और हजारीबाग पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
लूटे गए आभूषणों की बरामदगी पर पुलिस की चुप्पी
पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। साथ ही चांडिल बाजार में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग भी उठाई है।
हालांकि, डकैती के दौरान लूटे गए आभूषणों की बरामदगी हुई है या नहीं, इस संबंध में पुलिस की ओर से अब तक आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
चांडिल से विजय की रिपोर्ट

