बहुचर्चित आदिवासी नेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत आत्महत्या मामले में अब पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इस मामले में पिठोरिया थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है, वहीं एसआईटी (SIT) का गठन कर जांच तेज कर दी गई है। निशा भगत आत्महत्या मामले में पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवालों के बीच पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में उनकी भूमिका भी अब जांच के दायरे में है। रांची एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष जांच दल यानी एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है, जो इस पूरे मामले की परतें टटोलने में जुटी है।
बता दें कि इस सनसनीखेज मामले की जांच का जिम्मा डीएसपी मुख्यालय-1 अमर कुमार पांडेय को सौंपा गया है। एसआईटी उन्हीं के नेतृत्व में इस पूरे मामले की निष्पक्ष और बारीकी से जांच कर रही है।
जांच का मुख्य आधार मृतका के पिता हांदु भगत (जिन्हें हुंडू भगत भी कहा गया है) की ओर से दिया गया वह आवेदन है, जिसके आधार पर पिठोरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस शिकायत में ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि निशा भगत की मौत से जुड़े घटनाक्रम में किन-किन लोगों की क्या-क्या भूमिका रही है। शिकायती आवेदन में लगाए गए गंभीर आरोपों में कितनी सच्चाई है, इसकी तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले से जुड़े हर एक पहलू को खंगाला जा रहा है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
