हजारीबाग से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। सियारी स्थित डीएवी स्कूल के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। हर रोज की तरह आज भी एक घर का चिराग बुझ गया, एक हंसता-खेलता परिवार पल भर में बिखर गया।सड़क पर बिखरी ये तस्वीरें सिर्फ एक दुर्घटना नहीं हैं, बल्कि उन अनगिनत चेहरों की कहानी हैं, जो किसी के घर लौटने की आस में दरवाजे पर टकटकी लगाए बैठे रहते हैं। आज फिर किसी मां की गोद सूनी हो गई, किसी बहन की कलाई या किसी घर की खुशियां हमेशा के लिए खामोश हो गईं। जीटी रोड हो, रांची-पटना मार्ग हो या फिर बगोदर-हजारीबाग रोड—लगभग हर दिन कहीं न कहीं से किसी हादसे की खबर आती है, किसी नई चीख के साथ एक नया मातम पसर जाता है।
सवाल यह है कि आखिर कब तक हम सड़कों को यूं ही लहूलुहान होते देखते रहेंगे? तेज रफ्तार का रोमांच, रॉन्ग साइड से निकलने की जल्दबाजी, हेलमेट न पहनना या फिर सड़कों पर दिखाए जाने वाले स्टंट—क्या ये सब कुछ मिनट बचाने या पल भर के जोश के लिए आपकी जिंदगी से ज्यादा कीमती हैं? थोड़ी सी हड़बड़ी, थोड़ी सी लापरवाही और फिर जिंदगी भर का पछतावा। सड़क पर हर एक चूक की कीमत अक्सर किसी बेकसूर या पूरे परिवार को चुकानी पड़ती है। याद रखिए, सड़क कोई रेस ट्रैक नहीं है, और आपकी जिंदगी किसी भी जल्दबाजी से बड़ी है। जब आप घर से निकलते हैं, तो सिर्फ अकेले नहीं निकलते—आपके साथ आपके अपनों की उम्मीदें, सपने और दुआएं भी चलती हैं। इसलिए संभलकर चलिए, नियमों का पालन कीजिए और थोड़ा धीरे चलिए। क्योंकि घर पर कोई आपका इंतजार कर रहा है .
