सहरसा : पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द होने के बाद बिहार में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को उनके पैतृक गांव बिहरा-पचगछिया में ग्रामीणों की बड़ी बैठक हुई। राम ठाकुर धाम परिसर में जुटे लोगों ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर नाराजगी जताई और इस पर पुनर्विचार करने की मांग उठाई।

इस दौरान आनंद मोहन ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जेल जाने से पहले वह पूरे बिहार और देश के सामने अपना पक्ष रखेंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जेल मैनुअल में संशोधन का लाभ लेकर उनके साथ 36 अन्य लोग भी रिहा हुए थे, तो क्या केवल उन्हें ही दोबारा जेल भेजा जाएगा? उन्होंने कहा कि उनके साथ रिहा हुए लोगों के मामले में भी समान रूप से निर्णय होना चाहिए।

आनंद मोहन ने दावा किया कि वह साढ़े 16 साल जेल में रहे हैं और उनके मामले में कानून को पूर्व प्रभाव से लागू नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जिस घटना में उन्हें सजा हुई, उस समय लागू कानून के आधार पर ही कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अदालत के फैसले में घटना को अचानक हुई घटना बताया गया था।

आनंद मोहन ने बताया कि उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करना होगा। शनिवार को पटना में इस मुद्दे पर बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें चेतन आनंद ने लोगों को आमंत्रित किया है।

वहीं ग्रामीण अब्दुल मजीद ने कहा कि पहले रिहाई दी गई और फिर आदेश पलट दिया गया। इससे गांव के लोग दुखी और आक्रोशित हैं। ग्रामीणों ने सुप्रीम कोर्ट से फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की।

गौरतलब है कि गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के 2023 के जेल नियम संशोधन को असंवैधानिक करार देते हुए आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द कर दी है। अब इस मामले में आगे की कानूनी और राजनीतिक गतिविधियों पर सबकी नजरें टिकी हैं।

संजय कुमार की रिपोर्ट-