दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में धनबाद पुलिस लाइन में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। सिटी एसपी के नेतृत्व में आयोजित इस मॉक ड्रिल में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर और ट्रैफिक डीएसपी भी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस जवानों को भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और असामाजिक तत्वों से निपटने का पूर्वाभ्यास कराया गया।धनबाद में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस लाइन में आयोजित मॉक ड्रिल के जरिए जवानों को आपात स्थिति से निपटने और उपद्रवी तत्वों पर नियंत्रण रखने के तरीके बताए गए। सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

सिटी एसपी के मुताबिक, हर बड़े पर्व से पहले पुलिस इस तरह का पूर्वाभ्यास करती है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बाहरी जिलों से 400 होमगार्ड धनबाद पहुंच चुके हैं, जबकि 700 और जवानों के आने की उम्मीद है। जिले में कुल 2760 और 1108 जवानों की तैनाती की जानकारी भी दी गई है।

वहीं, दुर्गा पूजा को लेकर एसएसपी और उपायुक्त विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर चुके हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर आज और कल फ्लैग मार्च निकालने की भी तैयारी है।दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। चार रूटों पर डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। रणधीर वर्मा चौक पर नो एंट्री रहेगी और वाहनों को पुराना बाजार की ओर डायवर्ट किया गया है। वहीं, सरायढेला स्थित आविष्कार और थाना मोड़ के पास सप्तमी से दशमी तक नो एंट्री लागू रहेगी।पुलिस प्रशासन ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित रूट का इस्तेमाल करने और पूजा के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।