रांची रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में मंगलवार को आरपीएफ की गश्ती टीम और ट्रांसजेंडर के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट हुई। इस दौरान ट्रांसजेंडर ने आरपीएफ जवानों पर पथराव कर दिया। इस घटना में दो जवान घायल हो गए। आनन-फानन में घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं एक ट्रांसजेंडर को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पकड़े गए ट्रांसजेंडर लियोनी राय है। इस मामले में आरपीएफ पोस्ट के कमांडर सह निरीक्षक शिशुपाल कुमार ने चुटिया थाना में लियोनी समेत कुछ ट्रांसजेंडर के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है।

आरपीएफ कमांडर की ओर से थाना में दिए गए आवेदन में कहा गया है कि मंगलवार भोर करीब तीन बजे रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग क्षेत्र में गश्त के दौरान पांच से छह ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को आपत्तिजनक गतिविधियां करते देखा गया। उन्हें वहां से हटने और शांति बनाए रखने का निर्देश दिया गया। आरोप है कि इस दौरान विवाद बढ़ गया और कुछ व्यक्तियों ने आरपीएफ कर्मियों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पथराव में आरक्षी केके महतो की बाईं कलाई में फ्रैक्चर हो गया, जबकि प्रधान आरक्षी संतोष कुमार की पीठ में चोट आई। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मामले को लेकर आरपीएफ कमांडेंट ने बताया कि रेलवे स्टेशन की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ सजग है और इस तरह की हर गतिविधि पर पूर्ण लगाम लगाने को लेकर कार्य कर रही है और आगे भी करती रहेगी इस तरह के अवैध गतिविधियों। पर लगाम लगाया जाएगा।