दुर्गा पूजा की आस्था, शक्ति उपासना और झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को खास पहचान देने की पहल की गई है। रांची जीपीओ परिसर में भारतीय डाक विभाग के झारखंड परिमंडल की ओर से दुर्गा पूजा पर आधारित विशेष आवरण का विमोचन किया गया। इस विशेष आवरण के जरिए दुर्गोत्सव की परंपरा और सांस्कृतिक महत्ता को संरक्षित करने का प्रयास किया गया है।रांची जीपीओ परिसर में 15 अक्टूबर को आयोजित समारोह में दुर्गा पूजा पर आधारित विशेष आवरण का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे झारखंड परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्री संजीव रंजन ने अपने कर-कमलों से विशेष आवरण जारी किया।
पोस्ट मास्टर जनरल ने बताया डाक विभाग की इस पहल का उद्देश्य झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और दुर्गोत्सव की अनूठी परंपराओं को डाक माध्यम के जरिए संरक्षित करना और व्यापक पहचान दिलाना है।
यह विशेष आवरण फिलाटेली यानी डाक टिकट संग्रह के शौकीनों के साथ-साथ शोधकर्ताओं और आम नागरिकों के लिए भी खास महत्व रखता है। आस्था और संस्कृति को डाक संग्रह से जोड़ने वाली यह पहल दुर्गा पूजा की परंपरा को सहेजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
