पटना: बिहार में पटना स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार और विधायक अनंत सिंह के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. अनंत सिंह के पुदीना सिंह और गैस निकाल देने वाले बयान पर नीरज कुमार ने पलटवार करते हुए2019के लोकसभा चुनाव का जिक्र किया.
गुरुवार को बाढ़ में नीरज कुमार के समर्थन में एनडीए की जनसभा आयोजित की गई. इसमें निशांत कुमार समेत बीजेपी और जेडीयू के कई नेता शामिल हुए. सभा के दौरान नीरज कुमार ने अनंत सिंह का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा. उन्होंने हथियार बरामदगी के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि कोई व्यक्ति किसी के फंसाने से नहीं, बल्कि अपने कर्मों की वजह से फंसता है.
सभा के बाद पत्रकारों से बातचीत में नीरज कुमार ने अनंत सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि2019में लोकसभा चुनाव के समय उन्होंने जो नाम दिया था, अनंत सिंह अब उसी को स्वीकार कर रहे हैं. नीरज ने पत्रकारों से भी उसी नाम से संबोधित करने की बात कही.
नीरज कुमार ने कहा कि वह चरित्र हनन की राजनीति बर्दाश्त नहीं कर सकते. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने नीतीश कुमार की पाठशाला में राजनीति सीखी है. उनके अनुसार, 2019में उनके खिलाफ गलत मुकदमा दर्ज कराया गया था, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ.
नीरज कुमार ने आगामी एमएलसी चुनाव में अपनी जीत का भरोसा जताया. उन्होंने सम्राट चौधरी और निशांत कुमार की जोड़ी का भी जिक्र किया.
वहीं, अनंत सिंह ने पहले नीरज कुमार पर तंज कसते हुए कहा था कि23अक्टूबर को उनका पूरा गैस निकल जाएगा. उन्होंने अनुज सिंह की जीत का दावा करते हुए कहा था कि विरोधियों की जमानत जब्त हो जाएगी.
दोनों नेताओं के बीच बढ़ती बयानबाजी से पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनावी मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
