JHARKHAND NEWS : झारखंड के छात्रों पर लाठीचार्ज: संसद भवन के बाहर बीजेपी सांसदों का जोरदार प्रदर्शन, राहुल गांधी पर लगाए गंभीर आरोप
राजधानी रांची में जेपीएससी छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान हुआ लाठीचार्ज अब झारखंड की सीमाओं को पार कर सीधे देश की राजधानी दिल्ली यानी संसद भवन तक पहुंच गया है। इस मुद्दे पर सियासी पारा सातवें आसमान पर है। बुधवार को, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में भाजपा सांसदों ने संसद परिसर में जोरदार हंगामा किया और हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर सीधा हमला बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में कांग्रेस समर्थित सरकार चल रही है, लेकिन छात्रों पर हुए लाठीचार्ज पर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने पूरी तरह चुप्पी साध रखी है।आदित्य साहू ने रांची के डीसी और एसपी पर भी कड़ा प्रहार करते हुए चेतावनी दी कि वे सरकार के एजेंट न बनें। उन्होंने कहा कि अगर छात्रों को कुछ भी हुआ, तो बीजेपी कार्यकर्ता जनता के साथ मिलकर अनिश्चितकालीन झारखंड बंद करने से पीछे नहीं हटेंगे।एक तरफ जहां बीजेपी इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेर रही है, वहीं दूसरी तरफ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इन तमाम आरोपों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। राहुल गांधी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वे इस मामले पर बिल्कुल भी चुप नहीं हैं।
वही राहुल गाँधी ने कहा है कि "मैं झारखंड के मामले पर चुप नहीं हूं। मैंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी साफ कहा था कि हम छात्रों के खिलाफ किसी भी तरह की हिंसा को बिल्कुल सही नहीं मानते। मैं इस पर खुलकर अपनी बात रख रहा हूँ।"फिलहाल, झारखंड के युवाओं की मांगें बिल्कुल साफ हैं—जिन-जिन परीक्षाओं में गड़बड़ियां पाई गई हैं, उनकी निष्पक्ष जांच सीबीआई (CBI) से कराई जाए। एक तरफ लाठीचार्ज और राजनीतिक दलों के बीच चल रहे इस आरोप-प्रत्यारोप के खेल के बीच, सूबे का युवा वर्ग अपने भविष्य को लेकर सड़क पर डटा हुआ है।





