कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल 40 वर्षीय युवक की मौत के बाद गुरुवार देर रात आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ तिलैया थाना का घेराव कर सड़क जाम कर दिया। परिजन मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने और हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। मृतक की पहचान नरेश नगर निवासी मुकेश ठाकुर (40), पिता तुलसी ठाकुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार 29 सितंबर को विशुनपुर रोड स्थित सुधा क्लिनिक के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान गुरुवार को उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन शव को लेकर तिलैया थाना पहुंचे और सड़क पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। इससे देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना पर थाना प्रभारी विनय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर समझा-बुझाया, जिसके बाद जाम हटाया गया ।
