पटना: बिहार में जमाबंदी शुद्धीकरण अभियान को लेकर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने बड़ा निर्देश जारी किया है. विभाग ने सभी अंचल अधिकारियों के लॉगिन में अधूरी और त्रुटिपूर्ण जमाबंदियों का विवरण उपलब्ध करा दिया है. इन जमाबंदियों को रकबा,खाता और खेसरा के आधार पर चिह्नित किया गया है. अब अधिकारियों को रैयत के आवेदन का इंतजार किए बिना उपलब्ध मूल अभिलेखों से मिलान कर जमाबंदियों को दुरुस्त करना होगा.
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने पटना में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि 15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक चल रहे विशेष अभियान में उपलब्ध सभी अधूरी जमाबंदियों का शुद्धीकरण हर हाल में पूरा किया जाए. अंचल अधिकारियों को अपने लॉगिन में उपलब्ध सूची के आधार पर हलका वार कार्रवाई कराने और राजस्व कर्मचारियों को माइक्रो प्लान के तहत काम में लगाने को कहा गया है.
सचिव ने मृत जमाबंदीदारों के मामलों में भी सक्रिय पहल करने का निर्देश दिया. पंचायत सचिव,सरपंच और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों की मदद से वंशावली प्राप्त कर उत्तराधिकार नामांतरण की कार्रवाई पूरी करने को कहा गया है. यदि उत्तराधिकारियों के बीच बंटवारा नहीं हुआ है,तो सभी वैध उत्तराधिकारियों के नाम से जमाबंदी अद्यतन की जाएगी.
अंचल अधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति की मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया है. जरूरत पड़ने पर मुफ्त मापी भी कराई जाएगी. इसके अलावा अभियान बसेरा,दाखिल-खारिज,परिमार्जन,ई-मापी और सरकारी भूमि की पहचान जैसे कार्यों की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों को शेष भू-अभिलेखों की स्कैनिंग प्राथमिकता से कराने का निर्देश दिया गया है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
