झारखंड के गढ़वा ज़िले से स्वास्थ्य व्यवस्था की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े करती है। यहाँ एम्बुलेंस खराब पड़ी है, तो आम लोगों और युवाओं ने सड़क पर उतरकर भिक्षाटन शुरू कर दिया है। लोगों का कहना है कि जब स्वास्थ्य विभाग के पास पैसा नहीं है, तो जनता चंदा और भिक्षा जुटाकर एम्बुलेंस बनवाएगी। पूरे ज़िले में 17 में से 7 एम्बुलेंस खराब होने से मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। भिक्षाटन कर रहे युवा समाजसेवियों ने कहा कि रमना अस्पताल की एम्बुलेंस काफ़ी दिनों से खराब थी, जिसको लेकर रमना में युवाओं के द्वारा भिक्षाटन कर पैसे की व्यवस्था की गई है, ताकि एम्बुलेंस को दुरुस्त किया जा सके। हमारा शौक नहीं है सड़क पर हाथ फैलाना। जब इमरजेंसी में गाड़ी नहीं मिली और एक जान चली गई, तब हमें लगा कि सरकारी भरोसे बैठे रहे तो और भी लोग मुसीबत में पड़ेंगे। इसलिए हम लोग जनता से सहयोग और भिक्षा मांगकर इस एम्बुलेंस को बनवा रहे हैं। रात-बिरात किसी की तबीयत बिगड़ जाए, प्रसव पीड़ा हो या एक्सीडेंट हो जाए, तो समय पर गाड़ी नहीं मिलती। प्रशासन को इस पर तुरंत ध्यान देना चाहिए।

यह समस्या सिर्फ़ रमना तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे गढ़वा ज़िले की स्वास्थ्य सेवाओं की हक़ीक़त बयां करती है। ज़िले में कुल 17 एम्बुलेंस में से 7 एम्बुलेंस खराब पड़ी हैं। नतीजा यह है कि चालू एम्बुलेंस पर काम का दबाव बढ़ गया है और आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुँचाने में दिक्कत आ रही है। कई बार परिजनों को मजबूरी में महँगे निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है या फिर कीमती समय बर्बाद हो जाता है।खराब एम्बुलेंस के रखरखाव और मरम्मत को लेकर संबंधित एजेंसी और विभाग स्तर पर प्रक्रिया चल रही है। जहाँ तक संभव है, वैकल्पिक व्यवस्था के ज़रिए मरीजों को सेवा देने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही सभी गाड़ियों को दुरुस्त कराने की कोशिश की जा रही है।"